शब्द ध्वनित तरंग है,
वर्णों का सार्थक मेल है शब्द।
शब्द अंतःकरण की अनुभूति है,
मधुर कवितामय गीत है शब्द।

शब्द रिश्तों का अवलंब है,
अपनत्व का आधार है शब्द।
शब्द हर्ष की अभिव्यक्ति है,
मानस का सुखद भाव है शब्द।

शब्द कल्पना की उड़ान है,
यथार्थ का अभिज्ञान है शब्द।
शब्द भावना की श्रेष्ठ निधि है,
विचारों का प्रवाह है शब्द।

शब्द कटुता का कारक है,
द्वेष का निमित्त है शब्द।
शब्द प्रेम की स्वीकृति है,
स्नेह का पर्याय है शब्द।

शब्द आत्मीयता का प्रतीक है,
मैत्री का अटूट बंधन है शब्द।
शब्द व्यक्ति की पहचान है,
व्यक्तित्व का सम्मान है शब्द।

©अनीता सिंह 'अपराजिता